भुवनेश्वर , सितंबर 17 -- ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके 76वें जन्मदिन पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि ओडिशा के प्रति उनका स्नेह और सहयोग राज्य के लोगों में विकास के लिए नई ऊर्जा भर रहा है।
श्री माझा ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि श्री मोदी की 'युगांतकारी सोच' और ओडिशा के प्रति उनका अटूट स्नेह राज्य के लोगों को मजबूत, आत्मनिर्भर और समृद्ध ओडिशा बनाने के लिए प्रेरित कर रहा है। उन्होंने महाप्रभु श्री जगन्नाथ से प्रधानमंत्री को लंबी और स्वस्थ आयु तथा देश की सेवा जारी रखने के लिए अपार शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने ओडिशा की जनता की ओर से प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए उन्हें 'विकसित भारत' के सपने के दूरदर्शी नेता और राष्ट्रीय गौरव तथा समर्पित जनसेवा का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व ने पूरे देश में नए बदलाव के दौर की शुरुआत की है।
उन्होंने कहा, ''हम ओडिशा और यहां के लोगों के प्रति उनके गहरे स्नेह के साथ-साथ राज्य के बुनियादी ढांचे के विकास में उनके सहयोग के लिए हमेशा आभारी रहेंगे।''मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के जनकल्याण और सेवा के आदर्शों से प्रेरित होकर ओडिशा इस अवसर पर 'सेवा संकल्प पर्व' मना रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित