भुवनेश्वर , जून 22 -- ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में एक झींगा प्रसंस्करण इकाई में अमोनिया गैस रिसाव के कारण ओडिशा के प्रवासी मजदूरों की मौत पर सोमवार को गहरा दुख व्यक्त किया और इसके साथ ही उन्होंने मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष (सीएमआरएफ) से चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वह इस त्रासदी से अत्यंत दुखी हैं। उन्होंने घायल मजदूरों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी प्रार्थना की।
श्री माझी ने कहा कि ओडिशा सरकार प्रभावित श्रमिकों के उचित इलाज और सभी आवश्यक सहायता सुनिश्चित करने के लिए तमिलनाडु प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है। ओडिशा की मुख्य सचिव अनु गर्ग ने रविवार को तमिलनाडु के मुख्य सचिव से बात की थी और अनुरोध किया था कि घायल मजदूरों को सर्वोत्तम संभव चिकित्सा देखभाल और अन्य आवश्यक सहायता प्रदान की जाये।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद, ओडिशा सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों की एक तीन सदस्यीय टीम स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करने के लिए तिरुवल्लूर पहुंच गयी है। यह टीम घायल श्रमिकों के इलाज की निगरानी कर रही है, राहत उपायों को सुगम बना रही है और प्रभावित परिवारों को सहायता प्रदान कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित