भुवनेश्वर , सितंबर 19 -- ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने शनिवार को मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में बारिश से उफनती नदी में कार के बह जाने से ओडिशा के तीन बच्चों सहित आठ लोगों की मौत पर दुख जताया।
यह हादसा नलखेड़ा में मां बगलामुखी मंदिर के पास हुआ। मृतकों में दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं, जो भुवनेश्वर के रहने वाले थे।
श्री माझी ने इन लोगों की मौत पर दुख जताया और कहा कि उन्होंने अधिकारियों को मध्य प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन के साथ तालमेल बिठाने का निर्देश दिया है ताकि ज़रूरी कामों में तेज़ी लायी जा सके और यह सुनिश्चित किया जा सके कि पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ ओडिशा वापस लाया जाये।
श्री माझी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में दुखी परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।"श्री पटनायक ने घटना पर गहरा दुख जताया और दुखी परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की । उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित