बैतूल , अगस्त 03 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में माचना नदी में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से एक 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम भौंरा निवासी आदित्य पांडे (18) रविवार को अपने पांच दोस्तों के साथ माचना नदी के बटकोडीहोड़ क्षेत्र में पिकनिक मनाने गया था। दोपहर में सभी युवक नदी में नहाने के लिए उतरे। इसी दौरान आदित्य गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन नदी में अधिक पानी और गहराई के कारण उसे बाहर नहीं निकाल सके। घटना की सूचना मिलने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। बाद में पुलिस की सहायता से युवक का शव नदी से बाहर निकाला गया।
शाहपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमरे ने बताया कि माचना नदी के बटकोडीहोड़ क्षेत्र में डूबने से एक युवक की मृत्यु हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराकर मर्ग कायम कर लिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
घटना के बाद मृतक के परिजनों में शोक व्याप्त है। पुलिस ने बरसात के मौसम में नदी-नालों एवं गहरे जलाशयों में उतरते समय विशेष सावधानी बरतने तथा जोखिम वाले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित