बैतूल , जुलाई 20 -- मध्यप्रदेश के बैतूल शहर से होकर बहने वाली माचना नदी का पानी अचानक काला दिखाई देने से स्थानीय लोगों में चिंता व्याप्त हो गई है। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पानी के नमूने जांच के लिए एकत्र करने और प्रदूषण के संभावित स्रोत का पता लगाने के निर्देश दिए हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार शहर के कवला क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से माचना नदी का पानी काले रंग का दिखाई दे रहा है। इसके बाद नागरिकों और पर्यावरण प्रेमियों ने प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए मामले की जांच की मांग की। उनका कहना है कि यदि समय रहते कारणों का पता नहीं लगाया गया तो नदी के पारिस्थितिकी तंत्र के साथ-साथ भविष्य में शहर की जल व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है।

पर्यावरण विशेषज्ञों का कहना है कि यदि नदी में किसी रासायनिक अपशिष्ट, औद्योगिक कचरे अथवा अन्य प्रदूषित पदार्थों के कारण पानी का रंग बदला है तो इसका प्रतिकूल प्रभाव जलीय जीव-जंतुओं पर पड़ सकता है। इससे पानी में घुलित ऑक्सीजन की मात्रा प्रभावित होने और मछलियों सहित अन्य जलचरों के जीवन पर खतरा उत्पन्न होने की आशंका है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता प्रयोगशाला जांच के बाद ही चल सकेगा।

माचना नदी शहर की पेयजल व्यवस्था से भी जुड़ी है, हालांकि जिस स्थान पर पानी काला दिखाई दे रहा है, वहां से नगर पालिका के फिल्टर प्लांट का एनीकट काफी आगे स्थित है। वर्तमान में नगर पालिका पेयजल आपूर्ति के लिए माचना नदी के पानी का उपयोग भी नहीं कर रही है। इसके बावजूद स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि यदि काला पानी आगे बढ़ता है तो भविष्य में जलापूर्ति प्रभावित हो सकती है।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) नवनीत पांडे ने बताया कि सूचना मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजकर जांच के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल माचना नदी के पानी का उपयोग पेयजल आपूर्ति में नहीं किया जा रहा है, इसलिए तत्काल किसी संकट की स्थिति नहीं है। फिर भी पानी के नमूने लेकर जांच कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि प्रदूषण की पुष्टि होती है तो जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की प्राथमिकता प्रदूषण के स्रोत का पता लगाकर उसे रोकना और नदी की जैव विविधता की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित