बैतूल , अक्टूबर 25 -- मध्यप्रदेश में बैतूल शहर के विवेकानंद वार्ड स्थित माचना एनीकेट में शनिवार को 63 वर्षीय सेवानिवृत्त पशु चिकित्सक राजकुमार सूर्यवंशी का शव मिला। वह झल्लार पशु चिकित्सालय से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले चुके थे और माचना नगर में रहते थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह मानसिक तनाव से जूझ रहे थे और नागपुर में उनका उपचार चल रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस और परिजनों के अनुसार, सूर्यवंशी शनिवार को नागपुर से इलाज कराकर लौटे थे। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में वह एनीकेट की ओर जाते दिखाई दिए। परिजनों ने तलाश की तो एनीकेट के बाहर उनकी चप्पल, कपड़े और मोबाइल फोन मिले। इसके बाद पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) को सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर राहत एवं बचाव दल ने शव को पानी से बाहर निकाला। पोस्टमार्टम के बाद रविवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। स्थानीय पार्षदों के अनुसार, एनीकेट पर पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से इस बार घटनाक्रम की जानकारी मिलने में सहायता मिली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित