मुरादाबाद, दिसंबर 16 -- प्रयागराज माघ मेला के मद्देनजर उत्तर रेलवे ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़ने का ऐलान किया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने मंगलवार को बताया कि माघ मेला-2026 को दृष्टिगत रखते हुए रेल प्रशासन ने श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और यात्रा सुविधा को ध्यान में रखकर बड़े इंतजाम किए हैं। माघ मेला तीन जनवरी से शुरू होकर 15 फरवरी तक चलेगा, जिसमें हर वर्ष की भांति लाखों श्रद्धालुओं के संगम तट पर पवित्र स्नान करने के लिए पहुंचने का अनुमान है।
इस बार माघ मेले का आयोजन आगामी तीन जनवरी-2026 पौष पूर्णिमा से शुरू हो रहा है।जिसे लेकर रेल प्रशासन ने विशेष प्रबंध किए हैं। इस दौरान छह महत्वपूर्ण स्नान पर्व होंगे। जैसे मकर संक्रांति (14-15 जनवरी), मौनी अमावस्या (18 जनवरी), बसंत पंचमी (23 जनवरी), माघी पूर्णिमा (01 फरवरी) और महाशिवरात्रि (15 फरवरी)। इन अवसरों पर पिछले वर्षों के अनुभव के आधार पर भारी भीड़ होने के संदर्भ में श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।
श्री गुप्ता ने बताया कि ट्रेन संख्या 14308 (बरेली - प्रयागराज संगम एक्सप्रेस) में 01 जनवरी 2026 से 15 फरवरी 2026 तक विभिन्न ट्रेनों में अस्थायी रूप से तीन अतिरिक्त सामान्य कोच जोड़े जाएंगे। जबकि ट्रेन संख्या 14307 (प्रयागराज संगम-बरेली एक्सप्रेस) में 04 जनवरी 2026 से 18 फरवरी 2026 तक तीन अतिरिक्त सामान्य कोच जोड़े जाएंगे।इससे यात्रियों को सीट की उपलब्धता बढ़ेगी और यात्रा सुगम होगी।
प्रयागराज की ओर जाने वाली ट्रेनों में अतिरिक्त जनरल कोच बढ़ाए जाएंगे, ताकि दूर-दराज से जाने वाले श्रद्धालु बगैर किसी असुविधा के मेले में पहुंच सकें। ऐसे में पूछताछ केंद्रों पर ट्रेनों के आने व जाने का समय अंकित कराया जाएगा ।रेलवे के इस कदम से न केवल यात्रा आसान होगी, बल्कि स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन में भी मदद मिलेगी। मुरादाबाद मंडल मुख्यालय से प्रयागराज की दूरी को देखते हुए यह व्यवस्था विशेष रूप से उत्तर भारत के यात्रियों के लिए राहत भरी साबित होगी। इसके अलावा उत्तर रेलवे द्वारा माघ मेले के लिए स्पेशल ट्रेनें, प्लेटफॉर्म बदलाव और होल्डिंग एरिया जैसी सुविधाएं भी सुनिश्चित की जा रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित