नयी दिल्ली , मई 23 -- कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के महासचिव एम. ए. बेबी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर इंडिया इंजीनियरिंग सर्विसेज लिमिटेड (एआईईएसएल) कर्मचारियों के आंदोलन और विमान यात्री सुरक्षा के मुद्दे पर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

श्री बेबी ने पत्र में कहा कि एयर इंडिया इंजीनियरिंग सर्विसेज लिमिटेड (एआईईएसएल) के कर्मचारी पिछले आठ दिनों से दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता और नागपुर स्थित एमआरओ केंद्रों के बाहर धरने पर बैठे हैं। उन्होंने आरोप लगाया गया कि फिक्स्ड टर्म कर्मचारियों को स्थायी कर्मचारियों की तुलना में एक-तिहाई से भी कम वेतन दिया जा रहा है, जबकि वे समान कार्य कर रहे हैं। साथ ही इंजीनियरों और तकनीशियनों से 12 से 14 घंटे तक काम कराया जा रहा है और ओवरटाइम के नाम पर मात्र 85 रुपये प्रति घंटा भुगतान किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगों पर बातचीत करने के बजाय प्रबंधन ने चार यूनियन प्रतिनिधियों को बर्खास्त कर दिया। उन्होंने हाल ही में बेंगलुरु-दिल्ली उड़ान की इमरजेंसी लैंडिंग का जिक्र करते हुए विमान सुरक्षा को गंभीर मुद्दा बताया और सरकार से तुरंत समाधान निकालने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित