हैदराबाद , मई 26 -- मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की तेलंगाना प्रदेश समिति ने मंगलवार को राजनीतिक विश्लेषक एवं प्रोफेसर नागेश्वर को गिरफ्तार करने की आंध्र प्रदेश पुलिस की कोशिशों की कड़ी निंदा करते हुए इस कदम को अलोकतांत्रिक और अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला करार दिया है।
माकपा के प्रदेश सचिव जॉन वेस्ली ने अपने बयान में कहा कि पार्टी घटनाक्रम पर करीबी नजर रख रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रोफेसर नागेश्वर को गिरफ्तार किया गया तो इसके 'गंभीर परिणाम' होंगे। उन्होंने बताया कि कई प्रमुख राजनीतिक विश्लेषकों, पत्रकारों और पूर्व विधायकों ने भी इस कार्रवाई की निंदा की है और बौद्धिक आवाजों को दबाने के किसी भी प्रयास का विरोध किया है।
माकपा नेता ने मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी और तेलंगाना सरकार से तुरंत हस्तक्षेप का आग्रह किया है। उन्होंने मांग की कि आंध्र प्रदेश पुलिस की ओर से की जा रही इस 'आक्रामक गिरफ्तारी कोशिशों' को रोका जाए।
लोकतंत्र में राजनीतिक विश्लेषकों और पत्रकारों के सार्वजनिक मुद्दों पर चर्चा करने और उनके सामाजिक परिणामों की समीक्षा करने को स्वाभाविक बताते हुए माकपा ने कहा कि सरकारों की आलोचना और सार्वजनिक बहस को डरा-धमकाकर या पुलिसिया कार्रवाई के जरिये दबाया नहीं जाना चाहिए।
पार्टी ने आरोप लगाया कि धमकियों और गिरफ्तारियों के जरिये पत्रकारों तथा बुद्धिजीवियों को चुप कराने का प्रयास अलोकतांत्रिक है। इसके साथ ही चेतावनी दी कि प्रोफेसर नागेश्वर के खिलाफ की गयी कोई भी कार्रवाई व्यापक विरोध और प्रदर्शनों को जन्म दे सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित