पुड्डुचेरी , अप्रैल 04 -- मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने नौ अप्रैल को होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अपना घोषणापत्र जारी किया।

माकपा ने शनिवार को जारी घोषणापत्र में पुड्डुचेरी के लिए पूर्ण राज्य का दर्जा हासिल करने के अपने संघर्ष को जारी रखने का मुख्य वादा किया।

पार्टी के वरिष्ठ नेता टी. मुरुगन ने यह घोषणापत्र जारी किया, जिसे वरिष्ठ नेता सुधा सुंदररमन, राज्य सचिव रामचंद्रन, कार्यकारी समिति के सदस्य पेरुमल, कोलंजीअप्पर, कलियामूर्ति और राज्य समिति के सदस्य रमेश सहित अन्य नेताओं ने प्राप्त किया।

पार्टी ने केंद्र सरकार पर पुड्डुचेरी के 2,177 करोड़ रुपये के पुराने कर्ज को माफ करने के लिए दबाव डालने और केंद्र शासित प्रदेश के सामाजिक-आर्थिक विकास को सुनिश्चित करने के कदमों का भी वादा किया है। साथ ही, यहां की कपड़ा और चीनी मिलों के लिए गन्ना और कपास उत्पादन, तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के लिए धान और मोटे अनाज के उत्पादन को प्रोत्साहित करने का आश्वासन दिया गया है।

घोषणापत्र के अन्य प्रमुख वादों में सुरक्षा के साथ रोजगार के अवसरों का सृजन, पुड्डुचेरी, तिंडिवनम और महाबलीपुरम के रास्ते चेन्नई और कुड्डालोर को जोड़ने वाली रेलवे लाइन का निर्माण और हवाई सेवाओं को मजबूत करना शामिल है। इसके साथ ही, शिक्षा, बिजली, स्वास्थ्य और पेयजल के लिए अधिक धन का आवंटन, पिछले पांच वर्षों में शराब की दुकानों और 'रेस्टो बार' को दिये गये लाइसेंसों को रद्द करना और राजनेताओं तथा अधिकारियों के अपनी आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति जुटाने के आरोपों की निगरानी और जांच कराने की बात कही गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित