भुवनेश्वर , अक्टूबर 25 -- मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की ओडिशा इकाई ने रविवार को कहा कि कुछ लोग चक्रवात की संभावित आपदा को देखते हुए जरूरी सामान की जमाखोरी और कालाबाजारी कर सकते हैं, इसलिए सरकार को आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।
माकपा ने चेतावनी दी है कि कतिपय व्यापारी स्थिति का फायदा उठाकर सकते हैं। पार्टी ने रोजमर्रा की चीजों की कीमतों की दैनिक निगरानी, थोक बाजारों व गोदामों के निरीक्षण और जमाखोरी, कालाबाजारी तथा कृत्रिम किल्लत पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ ही माकपा ने चक्रवात संभावित क्षेत्रों में विशेष रूप से भोजन, पीने के पानी, दवाओं और सूखे राशन के पर्याप्त स्टॉक व निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।
पार्टी ने ओडिशा राज्य सचिवालय में रविवार को राज्य सरकार से आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर अंकुश लगाने और चक्रवात की तैयारियों को तेज करने का आग्रह किया है। एक बयान में पार्टी के राज्य सचिव सुरेश चंद्र पाणिग्रही ने कहा कि आलू, प्याज, चावल, दालों, खाद्य तेल और सब्जियों की बढ़ती कीमतों ने दिहाड़ी मजदूरों, किसानों, कृषि श्रमिकों और अन्य कम आय वाले समूहों की कठिनाइयों को और बढ़ा दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित