श्रीगंगानगर , जनवरी 15 -- राजस्थान के श्रीगंगानगर में गुरुवार को मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के कार्यकर्ताओं ने अमेरिका की कथित दादागिरी तथा अन्य देशों पर आधिपत्य जमाने की कोशिशों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का पुतला जलाया।
प्रदर्शन की शुरुआत महाराजा गंगासिंह चौक में सभा से हुई, जहां विभिन्न वक्ताओं ने अमरीका की विदेश नीति पर तीखे हमले किए। प्रदर्शनकारियों ने जिला कलेक्ट्रेट के समीप महाराजा गंगासिंह चौक में ट्रंप का पुतला दहन किया। इसके अलावा पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए स्थानीय स्तर पर दो मामलों की निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग की गई। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में मजदूर, किसान और पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए, जिन्होंने अमेरिकी नीतियों की कड़ी निंदा की और भारत सरकार से स्पष्ट रुख अपनाने का अनुरोध किया।
वक्ताओं ने कहा कि अमरीका अनावश्यक रूप से अन्य देशों में हस्तक्षेप कर रहा है और अपनी दादागिरी दिखाते हुए इन देशों की संपदा पर कब्जा करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने पूरे विश्व से इसकी निंदा करने और अमरीका की ऐसी कोशिशों को रोकने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आग्रह किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित