तिरुवनंतपुरम , जनवरी 30 -- कांग्रेस कार्य समिति सदस्य और केरल विधानसभा में पूर्व नेता प्रतिपक्ष रमेश चेन्निथला ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम) से केरल में वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के खिलाफ बेबुनियाद और गलत इरादे वाला प्रचार अभियान तुरंत बंद करने को कहा है।

श्री चेन्निथला ने कहा कि सोनिया गांधी एक ऐसी नेता हैं, जिनका हरकिशन सिंह सुरजीत से लेकर सीताराम येचुरी जैसे प्रमुख माकपा नेताओं ने गहरा सम्मान किया है। उन्होंने याद दिलाया कि 2004 में पहली यूपीए सरकार बनने के दौरान सोनिया गांधी को सबसे पहला और सबसे मजबूत समर्थन तत्कालीन माकपा महासचिव हरकिशन सिंह सुरजीत से मिला था। उन्होंने यह भी कहा कि सीताराम येचुरी के सोनिया गांधी और राहुल गांधी दोनों के साथ अच्छे ओर घनिष्ठ रिश्ते थे।

कांग्रेस नेता ने केरल माकपा नेताओं के सोनिया गांधी के खिलाफ किये जा रहे हमलों के तरीकों को निंदनीय बताते हुए कहा कि यह आमतौर पर भाजपा और संघ परिवार के अपनाये जाने वाले तरीकों जैसा है। उन्होंने कहा कि माकपा के अखिल भारतीय महासचिव एम ए बेबी ने इस मुद्दे पर केरल पार्टी नेतृत्व को अपनी नाराजगी जता दी थी। श्री चेन्निथला ने कहा कि इसके बावजूद वी शिवनकुट्टी सहित केरल माकपा नेताओं ने सोनिया गांधी के खिलाफ निराधार आरोप लगाना जारी रखा है। उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के विचारों की भी अनदेखी की है।

उन्होंने माकपा पर आरोप लगाया कि वह अपनी पार्टी की छवि बचाने के लिए सोनिया गांधी को सबरीमला सोना चोरी मामले में घसीटने की हताश कोशिश कर रही है। श्री चेन्निथला के अनुसार, इस विवाद से पार्टी की छवि को भारी नुकसान पहुंचा है।उन्होंने कहा कि इस तरह की हरकतें राजनीतिक दिवालियापन हैं। आगे कहा कि शहीदी फंड के गलत इस्तेमाल से जुड़े आरोपों सहित कथित गड़बड़ियों का खुलासा होने के बाद माकपा ध्यान भटकाने के लिए दुष्प्रचार कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित