जगदलपुर , सितंबर 17 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के आयुक्त डोमन सिंह ने सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर जिलों के माओवाद मुक्त क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता देने और शासन की कल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

सिंह ने गुरुवार को संभाग स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक में कहा कि माओवाद मुक्त क्षेत्रों में योजनाओं के सैचुरेशन के लक्ष्य के साथ काम किया जाए। ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के साधनों से जोड़ने के लिए व्यापक पहल की जाए। उन्होंने जगदलपुर और दंतेवाड़ा में प्रस्तावित दिव्यांगजन कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण शिविरों के लिए इन क्षेत्रों के जरूरतमंद दिव्यांगजनों का जल्द चिन्हांकन करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने बस्तर जिले के आदर्श ग्राम नेतानार के समग्र विकास के लिए विभिन्न विभागों को समन्वय के साथ काम करने को कहा। गांव में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और बिजली सहित सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के साथ रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया गया।

सिंह ने कृषि और इससे जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से किसानों एवं ग्रामीणों की आय बढ़ाने, युवाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण से रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने तथा महिलाओं को स्व-सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने बारिश के बाद अधोसंरचना विकास के कार्यों में तेजी लाने को कहा। बस्तर के अंदरूनी क्षेत्रों में सड़क, पुल-पुलिया और भवन निर्माण कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्यादेश जारी होने के साथ निर्माण शुरू कराने तथा प्रगतिरत कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा करने पर भी जोर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित