छिंदवाड़ा , सितंबर 07 -- मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के चौरई थाना क्षेत्र में मां से गाली-गलौज करने के विवाद में बड़े भाई ने कथित तौर पर छोटे भाई की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार घटना ग्राम सिहोरा ढाना में रविवार रात करीब 10 बजे हुई। 30 वर्षीय दीपक पिता सरदार मर्सकोले घर पर था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका अपनी मां से विवाद हो गया और वह गाली-गलौज करने लगा। बड़े भाई रामलखन उर्फ हेमराज मर्सकोले ने इसका विरोध किया और उसे समझाने का प्रयास किया। विवाद बढ़ने पर उसने घर में रखी धारदार कुल्हाड़ी से दीपक पर हमला कर दिया।

कुल्हाड़ी के वार से दीपक के सिर, गर्दन तथा बाएं कान के आगे और पीछे गंभीर चोटें आईं। वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी रामलखन को हिरासत में ले लिया। गंभीर चोटों के कारण दीपक की मौत हो गई।

चौरई थाना प्रभारी मोहन सिंह मर्सकोले ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मां से गाली-गलौज करने को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद की बात सामने आई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित