वाराणसी , मार्च 22 -- आध्यात्मिक नगरी काशी में चैत्र नवरात्रि का चौथा दिन मां श्रृंगार गौरी की आराधना को समर्पित है। इस पावन अवसर पर काशीवासी तथा देश-विदेश से आए श्रद्धालु परंपरागत रूप से मां श्रृंगार गौरी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में उपस्थित होते हैं।

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्र ने बताया कि मां श्रृंगार गौरी का स्थान ज्ञानवापी परिसर की पश्चिमी दीवार पर स्थित है। वर्ष में केवल इस एक दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुलूस के रूप में यहां पहुंचते हैं। जुलूस का पूरा मार्ग निर्धारित है, जिसमें भक्त पहले गणपति के दर्शन करते हैं और फिर हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 से न्यास ने इस पूजन की जिम्मेदारी अपने ऊपर ली है। श्रद्धालुओं को नारियल, चुनरी, फलाहारी हलवा (प्रसाद), डमरू आदि की व्यवस्था न्यास की ओर से की जा रही है। इसके अलावा, अंदर फोटोग्राफी की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि किसी प्रकार का विवाद या अतिरिक्त मांग से कोई असुविधा न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित