सहारनपुर , अक्टूबर 07 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में 11 अक्टूबर से शुरु होने वाले मां शाकंभरी देवी शारदीय नवरात्रि मेला के दौरान साक्षात दंडवत कर मां के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं के लिये जिला प्रशासन मैटिंग की व्यवस्था करेगा। इस बारे में दिशा निर्देश जिला प्रशासन ने जारी कर दिये हैं। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन की उपस्थिति में बुधवार को 11-26 अक्टूबर तक लगने वाले आगामी मां शाकंभरी देवी शारदीय नवरात्रि मेले में श्रद्धालुओं की सुविधाओं एवं सुरक्षा के दृष्टिगत व्यवस्थाओं तथा तैयारियों के संबंध में जिला पंचायत सभागार में बैठक की गयी। बैठक में मां शाकंभरी देवी मेला में सीसीटीवी, पीए सिस्टम, शौचालय व्यवस्था, अस्थाई अस्पताल, एंबुलेंस, पार्किंग व्यवस्था, बैरीकेटिंग, साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था, मजिस्ट्रेट, पुलिस बल की उपलब्धता आदि की व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि साफ-सफाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।
उन्होंने कहा कि मोबाइल शौचालय एवं अस्थाई शौचालय की व्यवस्था पर्याप्त मात्रा में की जाए। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि शौचालय पर 24 घण्टे कार्मिकों की तैनाती हो तथा शौचालय साफ-सुथरे रहे। विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था में कोई ढिलाई न बरती जाये एवं गत वर्षों की तुलना में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढाई जाए जो कि उच्च गुणवत्तायुक्त हों। श्रद्धालुओं को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो इसके लिए जल निगम शिफ्टवार कन्ट्रोल रूम में अपने कर्मचारियों की तैनाती करें।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मेले में जिन अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगी है वह एक दिन पूर्व ही अपने ड्यूटी स्थल को देख लें। आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए टीमें तैनात की जाएं। पानी आने पर श्रद्धालुओं के बैठने के लिए खोल क्षेत्र से बाहर टैण्ट की व्यवस्था रखी जाए। लेटकर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए होगी मेटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
अस्थाई अस्पताल बनाकर श्रद्धालुओं एवं दर्शनार्थियों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। मेले को और अधिक दिव्य एवं भव्य बनाने के लिए सम्बन्धित अधिकारी निरंतर नजर बनाए रखें एवं सौंपी गई जिम्मेदारियों का भली प्रकार से निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि मां शाकंभरी देवी जाने के लिए श्रद्धालुओं को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित