सहारनपुर , अक्टूबर 15 -- पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबन्ध निदेशक रवीश गुप्ता ने गुरुवार को प्रसिद्ध माँ शाकंभरी देवी मेला क्षेत्र (जसमौर) का दौरा कर सुरक्षा इन्तजामों का गहन निरीक्षण किया और विद्युत सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए।

उन्होने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले मे आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है इसलिए विद्युत सुरक्षा से संबंधित आवश्यक कदम तुरन्त उठाए जाएँ। प्रबन्ध निदेशक ने मेला परिसर से गुजरने वाली सभी एचटी/एलटी विद्युत लाइनों एवं उपकरणों की गहनता से जाँच करने के निर्देश दिए।

मेले में विद्युत आपूर्ति को दृष्टिगत रखते हुए, प्रबन्ध निदेशक ने निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र मे वर्तमान मे स्थापित 250 केवीए (जिस पर वर्तमान भार 100 केवीए है) के ट्रांसफार्मर के क्षतिग्रस्त होने की स्थिति मे तुरन्त बदलने के लिए एक 100 केवीए का अतिरिक्त ट्रांसफार्मर सुरक्षित रूप से मगांकर रख लिया जाए जिससे ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में तुरन्त ट्रांसफार्मर बदलकर, विद्युत आपूर्ति बहाल की जा सके।

निरीक्षण के दौरान प्रबन्ध निदेशक ने सुरक्षा पी०पी०ई० किट (हैलमेट, सेफ्टी जैकिट आदि) पहनने एवं लाईन स्टाफ और फील्ड कर्मचारियों से सीधे बात-चीत कर उन्हें आवश्यक सुरक्षा दिशा-निर्देश दिए। मेला क्षेत्र का निरीक्षण करने के उपरान्त प्रबन्ध निदेशक ने 33/11 केवी विद्युत उपकेन्द्र बेहट का निरीक्षण कर, अनुरक्षण कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण में 11 केवी केबल मे तकनीकी खराबी के कारण, बंद पडे कैपीसीटर बैक को तुरन्त ठीक कराने के लिए संबंधित ए०एम०सी० फर्म से समन्वय स्थापित कर, कैपीसीटर बैक को सही कराने के निर्देश दिए।

प्रबन्ध निदेशक ने कहा कि पूरे क्षेत्र में निर्धारित रोस्टर के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की अनदेखी या लापरवाही बर्दाश्त नही की जाऐगी। उन्होंने निर्देशित किया कि विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए नियमित निरीक्षण और रख-रखाव को गंभीरता से लिया जाए। प्रबन्ध निदेशक ने राजस्व वसूली के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से प्राप्त करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियन्ता (वितरण), सहारनपुर क्षेत्र सहारनपुर इं० हेमराज सिंह, अधीक्षण अभियन्ता इं० रविन्द्र बाबू, अधिशासी अभियन्ता इं० सुभाष चन्द्र सहित संबधित उपखंड अधिकारी, अवर अभियन्ता एवं लाइन स्टाफ उपस्थित रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित