सहारनपुर , मार्च 12 -- सहारनपुर स्थित मां शाकुम्बरी विश्वविद्यालय में 17 और 18 मार्च को आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिक भारत को प्रेरित करने वाले विषयों और नए क्षितिजों की संभावनाओं पर विचार मंथन करेंगे। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. डॉ. विमला वाई ने बताया कि इस दो दिवसीय कार्यक्रम में इसरो के वैज्ञानिक और अन्य विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे तथा विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार के माध्यम से भारत के भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।

उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन के सह-संयोजक माउंट शिवालिक, कोसमो सिटी और ऑप्टीमाइज रिसर्च संस्थाएं हैं।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में इसरो के पूर्व निदेशक डॉ. भानुपंत, इसरो की पूर्व निदेशक डॉ. वृंदा वी, इसरो के पूर्व निदेशक डॉ. वेंकटा कृष्णन पी.वी. तथा वाटर हेल्थ लैब्स के चेयरमैन डॉ. सुरेश शिशोदिया शामिल होंगे। सम्मेलन की तैयारियों को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में कुलपति कक्ष में बैठक आयोजित की गई, जिसमें कुलपति प्रो. विमला वाई के साथ रजिस्ट्रार कमल कृष्णा, परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजीव कुमार, वित्त अधिकारी सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी, शैक्षणिक नियंत्रक प्रो. विनोद कुमार सहित कई शिक्षक और अधिकारी उपस्थित रहे।

इस कन्क्लेव के संयोजक डॉ. दुर्गेश राज मोहन (महाराज सिंह कॉलेज सहारनपुर) हैं। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित