ग्वालियर , मई 25 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर में मां-बेटी के बीच हुए विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे एक व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हृदयाघात माना जा रहा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के चिटनिस की गोठ स्थित वैकुंठ अपार्टमेंट में रहने वाले अनिल कपूर अपनी पत्नी रितु कपूर और बेटी मानसी कपूर के साथ रहते थे। रविवार रात बिस्तर पर सोने की बात को लेकर रितु कपूर और मानसी कपूर के बीच विवाद हो गया।
बताया गया कि मानसी की शादी मार्च 2026 में हुई थी और वह कुछ दिनों के लिए मायके आई हुई थी। रात में रितु कपूर बेटी के बिस्तर पर जाकर सो गईं, जिससे दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर अनिल कपूर दोनों को शांत कराने पहुंचे।
इसी दौरान अनिल कपूर के सीने में अचानक दर्द उठा और वह जमीन पर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच में हृदयाघात से मौत की आशंका जताई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार अनिल कपूर की पहली पत्नी कंचन की वर्ष 2019 में मौत हो चुकी थी। बाद में वर्ष 2023 में उन्होंने अपनी साली रितु कपूर से विवाह किया था। मानसी कपूर बचपन से ही अनिल कपूर के साथ रह रही थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित