खरगोन , मार्च 11 -- मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के सनावद थाना क्षेत्र में एक महिला द्वारा अपने तीन मासूम बच्चों को कुएं में फेंक देने की हृदयविदारक घटना सामने आई है। तीनों बच्चों की पानी में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा ने बताया कि सनावद थाना क्षेत्र के ग्राम मलगांव और भोमवाड़ा के बीच स्थित एक खेत में यह घटना हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला नानी बाई ने अपने दो वर्षीय पुत्र अर्जुन और चार वर्षीय पुत्र करण को खेत में बने कुएं में फेंक दिया। इसके बाद वह स्वयं भी अपने लगभग 15 दिन के शिशु को लेकर कुएं में कूद गई।

बताया गया है कि नानी बाई तैरना जानती थी। उसने कुएं के भीतर मौजूद रस्सी और सीढ़ी के सहारे किसी तरह बाहर निकलने में सफलता पा ली, लेकिन तीनों बच्चों की पानी में डूबने से मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही सनावद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटना के समय महिला का पति कालू मजदूरी के लिए खेतों में गया हुआ था।

कालू ने पुलिस को बताया कि वह अपने लगभग 20 साथियों के साथ खंडवा जिले के पिपलूद क्षेत्र से मजदूरी के लिए यहां आया हुआ था और सभी मजदूर गेहूं काटने का काम कर रहे थे। मजदूर खेत के पास ही अस्थायी रूप से रह रहे थे।

उसने बताया कि बुधवार सुबह करीब सात बजे वह अन्य मजदूरों के साथ खेत में गेहूं काटने चला गया था। कुछ समय बाद उसे घटना की सूचना मिली। कालू के अनुसार उसका अपनी पत्नी नानी बाई के साथ किसी प्रकार का विवाद नहीं हुआ था।

पुलिस का कहना है कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला ने ऐसा कदम क्यों उठाया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित