बैतूल , जून 01 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में मां चंडी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा एक आयशर ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे एक वृद्ध की मृत्यु हो गई तथा 31 लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार दुर्घटना रविवार शाम हिवरखेड़ी गांव के पास हुई। मुलताई तहसील के मुड़ापार गांव निवासी श्रद्धालु आयशर ट्रक से चिचोली स्थित मां चंडी मंदिर में दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद लौटते समय हिवरखेड़ी के निकट चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया, जिससे ट्रक सड़क किनारे पलट गया।

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की सहायता से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल बैतूल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान लगभग 70 वर्षीय सुखराम की मृत्यु हो गई। वहीं राम्मीबाई (50) और शुभम (23) को गंभीर अवस्था में गहन चिकित्सा कक्ष में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों का उपचार जारी है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को सभी घायलों को त्वरित एवं बेहतर उपचार उपलब्ध कराने तथा गंभीर मरीजों की विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। तहसीलदार पूनम साहू ने बताया कि दुर्घटना में घायल सभी श्रद्धालु मुड़ापार गांव के निवासी हैं और धार्मिक यात्रा से लौट रहे थे। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित