धार , अक्टूबर 11 -- मध्यप्रदेश के धार में शारदीय नवरात्र के प्रारंभ के साथ देवी सागर तालाब स्थित पहाड़ी पर मां गढ़कालिका मंदिर में नौ दिवसीय मेले का विधिवत शुभारंभ हुआ। मेले के अवसर पर पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा, एसडीएम राजकुमार हलदार, नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि महेश बोडाने, पार्षद प्रतिनिधि जितेंद्र अग्रवाल और संजय मकवाना तथा नगरपालिका सीएमओ कुंवर विश्वनाथ सिंह सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मंदिर पहुंचकर पूजन किया और मां का आशीर्वाद लिया। मंदिर समिति ने अतिथियों का स्वागत किया।
मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। पुलिस ने परिसर में अस्थायी चौकी स्थापित की है, जहां प्रतिदिन जवान तैनात रहेंगे। पूरे मेला परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी। श्रद्धालुओं की सहायता के लिए खोया-पाया केंद्र भी बनाया गया है।
नगरपालिका द्वारा आयोजित मेले में महिलाओं के श्रृंगार, बच्चों के खिलौनों और खान-पान सहित विभिन्न प्रकार की करीब 260 दुकानें लगाई जाएंगी। परिसर में 20 गुणा 30 फीट का मंच तैयार किया गया है, जहां नौ दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। बाबा खाटू श्याम का कीर्तन और कवि सम्मेलन भी मेले के प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
मंदिर परिसर में गरबा पंडाल भी बनाया गया है, जहां शहर की विभिन्न टीमें प्रतिदिन प्रस्तुति देंगी। नगरपालिका की ओर से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। नवरात्र के अवसर पर शहर के अन्य स्थानों पर भी रविवार शाम से गरबा आयोजन शुरू हो गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित