हासन , जुलाई 21 -- केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने हासन जिले में अपनी दिवंगत मां चेन्नम्मा के राजकीय अंतिम संस्कार में उन्हें अश्रुपूरित विदाई देने के बाद खुद में सुधार करने और उनके आदर्शों पर चलने का भावुक प्रण लिया। उन्होंने कहा कि वह "दोबारा कभी ऐसा कोई काम नहीं करेंगे, जिससे उनकी आत्मा को ठेस पहुंचे।"पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा की पत्नी चेन्नम्मा का सोमवार शाम होलेनरसीपुर तालुका के माविनाकेरे में पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रह्लाद जोशी, वरिष्ठ राजनीतिक नेता, परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में शोक संतप्त लोग मौजूद थे।
अंतिम संस्कार के तुरंत बाद भावुक श्री कुमारस्वामी ने अपने आंसू रोकते हुए कहा कि अतीत में उन्होंने अपनी मां को दुख पहुंचाया होगा और उनसे क्षमा मांगी। उन्होंने कहा, "मैंने जाने-अनजाने में अपनी मां का दिल दुखाया होगा। अगर मैंने उन्हें कोई दुख पहुंचाया है, तो मैं उनसे माफी मांगता हूं। उनके आशीर्वाद से मैं अपना बाकी जीवन इस तरह बिताऊंगा कि फिर कभी न गिरूं। मैं अपनी गलतियों को सुधारूंगा और उनके दिखाये राह पर चलूंगा।"उन्होंने कहा कि उनकी मां ने जीवन भर उनका मार्गदर्शन किया और उनकी सलाह उनका नैतिक मार्गदर्शक बनी रहेगी। उन्होंने कहा, "मैंने अपनी मां को खुशी और गम दोनों दिये हैं। आज से मैं इस तरह जीने का प्रण करता हूं, जिससे उनकी आत्मा को कभी ठेस न पहुंचे।"अंतिम संस्कार के दौरान उनके परिजन गहरे दुख में डूबे थे। दाह-संस्कार से पहले श्री देवेगौड़ा अपनी पत्नी के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे। दलीय सीमाओं से परे राजनीतिक नेताओं ने गौड़ा परिवार की दिवंगत बुजुर्ग महिला को श्रद्धांजलि अर्पित की।
अंतिम संस्कार माविनाकेरे में रंगनाथस्वामी पहाड़ी की तलहटी में संपन्न हुआ। राजकीय सम्मान के तहत, औपचारिक विदाई के बाद मुख्यमंत्री शिवकुमार ने श्री कुमारस्वामी की मां के पार्थिव शरीर पर लिपटे राष्ट्रीय ध्वज को श्री देवेगौड़ा और श्री कुमारस्वामी को सौंपा।
श्री कुमारस्वामी ने अपनी मां के निधन के समय से लेकर अंतिम संस्कार पूरा होने तक परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए कर्नाटक सरकार, विशेष रूप से मुख्यमंत्री का धन्यवाद भी व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित