मुंबई , अक्टूबर 30 -- भिनेत्री शरवरी ने अपनी मां की विरासत में मिली गुलाबी पटोला साड़ी को नए अंदाज में पहनकर एक भावुक कहानी साझा की है। उन्होंने इस खास परिधान को अपनी मां के प्यार, आशीर्वाद और परिवार की अनमोल यादों का प्रतीक बताया है।अपनी आगामी फैमिली एंटरटेनर फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' के प्रचार में व्यस्त शरवरी ने सोशल मीडिया पर इस खास लुक की तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने बताया कि जब उनकी मां ने पहली बार उनका गाना 'झुमका पटोला' देखा था, तब उन्होंने आशीर्वाद के रूप में अपनी खूबसूरत गुलाबी पटोला साड़ी उन्हें भेंट की थी। उनकी मां इस साड़ी को वर्षों तक पहनती रही हैं और इससे परिवार की कई खूबसूरत यादें जुड़ी हुई हैं।

शरवरी ने बताया कि मां की इस अनमोल साड़ी को नए अंदाज में तैयार करवाकर प्रचार कार्यक्रम में पहनना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा। उन्होंने मां की पुरानी तस्वीरों को देखने और इस नए लुक पर उनकी प्रतिक्रिया को अपने लिए अनमोल बताया। उन्होंने कहा कि मां की साड़ी पहनना ऐसा महसूस कराता है, जैसे वह उनके प्यार और आशीर्वाद में लिपटी हुई हैं।

आयुष्मान खुराना और शरवरी अभिनीत फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' का निर्देशन सूरज बड़जात्या ने किया है। यह फिल्म 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित