मुंबई , जुलाई 29 -- अभिनेता अभय वर्मा ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां को देते हुए कहा है कि आज वह जो कुछ भी हैं, वह उनकी मां की मेहनत, त्याग और बलिदान का परिणाम है।नेटफ्लिक्स की आगामी सीरीज़ ऑपरेशन सफेद सागर की रिलीज़ की तैयारी कर रहे अभय ने कहा कि उनकी मां ने परिवार के विरोध के बावजूद उन्हें और उनके बड़े भाई को अपने सपनों को पूरा करने का हौसला दिया।
अभय ने कहा, "मेरी मां सबसे बहादुर इंसान हैं। उन्होंने पूरे परिवार के खिलाफ खड़े होकर हिम्मत दिखाई ताकि मैं और मेरा बड़ा भाई अपने सपनों को पूरा कर सकें। मुझे गर्व है कि मैं उनकी संतान हूं।"उन्होंने कहा कि बचपन में ही उनके पिता का निधन हो गया था और उनकी मां ने तमाम कठिन परिस्थितियों का साहसपूर्वक सामना करते हुए परिवार को संभाला।
अभय ने कहा, "मेरे पिता को गुजरे 14 साल हो चुके हैं। मेरी मां दिल की मरीज हैं, लेकिन उन्होंने जिस हिम्मत और साहस के साथ हर चुनौती का सामना किया, वह हमारे लिए प्रेरणा है। मैं और मेरा भाई मानते हैं कि हमारी मेहनत का फल तो अभी मिलना शुरू भी नहीं हुआ है। आज जो कुछ भी हमें मिल रहा है, वह हमारी मां की मेहनत का नतीजा है। यदि मैं आज यहां हूं, तो यह सिर्फ उनकी मेहनत, त्याग और बलिदान की वजह से है।"अभय वर्मा जल्द ही नेटफ्लिक्स की सीरीज़ ऑपरेशन सफेद सागर में नजर आएंगे। इस सीरीज़ में उनके साथ सिद्धार्थ, जिमी शेरगिल और दिया मिर्जा समेत कई कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में हैं। यह सीरीज़ 7 अगस्त से स्ट्रीम होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित