उज्जैन , जून 03 -- मध्यप्रदेश में उज्जैन जिले के झारड़ा थाना क्षेत्र में एक महिला द्वारा अपने आठ वर्षीय पुत्र को कथित रूप से जहरीला पदार्थ देने के बाद स्वयं भी जहर खा लेने से दोनों की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि ग्राम लसुडिया गोयल में सीमाबाई (35) और उसका पुत्र राजवीर जहर खाने के बाद अचानक उल्टियां करने लगे। परिजन दोनों को उपचार के लिए तत्काल आगर अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने सीमाबाई को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर अवस्था में राजवीर को उज्जैन रेफर किया गया। उज्जैन में उपचार के दौरान कुछ समय बाद उसकी भी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला का पोस्टमार्टम आगर मालवा में तथा बालक का पोस्टमार्टम उज्जैन में कराया गया। इसके बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस का कहना है कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित