धार , जून 02 -- ऐतिहासिक पर्यटन नगरी मांडू में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और बुनियादी समस्याओं के समाधान को लेकर होटल व्यवसायियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात कर विभिन्न मांगें रखीं। इस दौरान धरमपुरी विधायक कालू सिंह ठाकुर के नेतृत्व में होटल व्यवसायी योगेश अग्रवाल सहित प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को मांडू क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि मांडू विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल होने के बावजूद पेयजल सहित कई बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रहा है। व्यापारियों ने नर्मदा जल प्रदाय योजना को शीघ्र प्रारंभ करने की मांग करते हुए कहा कि इससे होटल व्यवसाय और पर्यटकों दोनों को लाभ मिलेगा।

उन्होंने होटल क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा पर्यटकों की सुविधा के लिए आवश्यक अधोसंरचना विकसित करने का भी आग्रह किया। व्यापारियों का कहना था कि सुविधाओं के विस्तार से पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित