रायपुर , अक्टूबर 31 -- केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया रविवार को छत्तीसगढ़ के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वह नवा रायपुर में आयोजित तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ राज्योत्सव-2026 का उद्घाटन करेंगे। समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे।

आज मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, केंद्रीय मंत्री अपने प्रवास के दौरान स्वास्थ्य शिक्षा से जुड़ी परियोजनाओं का भूमिपूजन करने के साथ छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के समापन समारोह में भी शामिल होंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, डॉ. मांडविया कल शाम पांच बजे नवा रायपुर स्थित सत्य साईं संजीवनी बाल हृदय चिकित्सालय पहुंचेंगे। यहां वह प्रस्तावित नर्सिंग महाविद्यालय एवं परिचारक छात्रावास के निर्माण कार्य का भूमिपूजन करेंगे। इन परियोजनाओं से नर्सिंग शिक्षा के लिए आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होने तथा स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने में सहायता मिलने की उम्मीद है।

इसके बाद केंद्रीय मंत्री शाम छह बजे नवा रायपुर अटल नगर स्थित राज्योत्सव मैदान में छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। उद्घाटन समारोह में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का आयोजन एक से तीन नवंबर तक किया जाएगा। इस दौरान राज्य की सांस्कृतिक विरासत, लोककलाओं, जनजातीय परंपराओं और विकास से जुड़ी उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। महोत्सव में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के लोककलाकारों के अलावा राष्ट्रीय स्तर के कलाकार भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित