नयी दिल्ली , नवंबर 09 -- केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने 11 से 22 दिसंबर तक तेलंगाना के हैदराबाद में होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स (केआईवाईजी) 2026 के कार्यक्रम की सोमवार को घोषणा की।
खेल मंत्रालय की मेजबानी में हैदराबाद के विभिन्न स्थानों पर - जिनमें बशीरबाग स्थित लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम कॉम्प्लेक्स और आधुनिक गाचीबोवली स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स शामिल हैं - 22 पदक वाले खेलों का आयोजन किया जाएगा। शेष खेलों की मेजबानी खम्मम (तीरंदाजी), हनुमकोंडा (एथलेटिक्स), करीमनगर (जूडो), निजामाबाद (टेबल टेनिस) और महबूबनगर (कबड्डी) में होगी।
आज यहां डॉ. मंडाविया ने कहा, "मैं 'खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2026' के शेड्यूल की घोषणा करते हुए बहुत उत्साहित हूं। यह 'खेलो इंडिया' आयोजनों की एक ऐसी श्रृंखला की शुरुआत करेगा, जिसने पिछले कुछ वर्षों में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने के लिए एक मंच प्रदान किया है। हमारी योजनाओं के माध्यम से, ये खिलाड़ी उत्कृष्टता की राह पर आगे बढ़ सकते हैं। चूंकि 'खेलो इंडिया यूथ गेम्स' का आयोजन आइची-नागोया में होने वाले एशियाई खेलों के ठीक बाद हो रहा है, इसलिए हम इसमें बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद कर सकते हैं।"'खेलो इंडिया' के इतिहास में पहली बार तेलंगाना द्वारा आयोजित किए जा रहे इस 12 दिवसीय खेल कार्निवल में लगभग 6000 खिलाड़ी और 1800 सपोर्ट स्टाफ हिस्सा लेंगे। सॉफ्टबॉल एक प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में अपनी शुरुआत करेगा, जबकि सेलिंग (नौकायन) को पहली बार 'खेलो इंडिया यूथ गेम्स' कार्यक्रम में शामिल किया गया है। यह एक प्रदर्शनी खेल (डेमोंस्ट्रेशन इवेंट) होगा।
डॉ. मांडविया ने कहा, "हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि खेल इकोसिस्टम का विस्तार इस तरह होना चाहिए कि हम ओलंपिक में अधिक से अधिक खेलों में हिस्सा ले सकें। प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि हमें उन खेलों को बढ़ावा देना चाहिए जो हमारे प्राकृतिक संसाधनों, जैसे समुद्र और पहाड़ों का इस्तेमाल करके खेले जाते हैं। नौकायन ऐसा ही एक खेल है। हमें बहुत खुशी है कि हमारे नाविक इन खेलों का हिस्सा बनेंगे और अपने खेल को बढ़ावा देने में मदद करेंगे।"'खेलो इंडिया यूथ गेम्स' का पिछला संस्करण 3 से 15 मई, 2025 तक बिहार में आयोजित किया गया था। महाराष्ट्र ने 58 स्वर्ण, 47 रजत और 53 कांस्य पदकों के साथ मेडल टैली में शीर्ष स्थान हासिल करते हुए अपना 'खेलो इंडिया यूथ गेम्स' खिताब बरकरार रखा। यह उनका पांचवां 'खेलो इंडिया यूथ गेम्स' खिताब था और लगातार तीसरी जीत थी। हरियाणा, जिसने पहले दो बार यह खिताब जीता है, 39 स्वर्ण, 27 रजत और 51 कांस्य पदकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा, जबकि राजस्थान 24 स्वर्ण, 12 रजत और 24 कांस्य पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। बिहार संस्करण में कुल 26 रिकॉर्ड बने। इनमें से आठ रिकॉर्ड लड़कियों ने बनाए, जिनमें से पांच भारोत्तोलन में 'नेशनल यूथ रिकॉर्ड' थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित