शिलांग , अप्रैल 13 -- केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने सोमवार को पूर्वोत्तर के आठ राज्यों के युवाओं से राष्ट्र-निर्माण, नीतिगत चर्चाओं और नवाचार-आधारित विकास में सक्रिय रूप से भाग लेने का आग्रह किया।
श्री मांडविया ने मेघालय में आयोजित 'माई भारत बजट क्वेस्ट 2026' - पूर्वोत्तर क्षेत्र कार्यक्रम के दौरान युवाओं को वर्चुअली संबोधित करते हुए 'विकसित भारत @2047' के विज़न को साकार करने में युवाओं की अहम भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं से केंद्रीय बजट की प्राथमिकताओं के अनुरूप अपने विचार और समाधान प्रस्तुत करने का आग्रह किया।
केंद्रीय मंत्री ने यह भी घोषणा की कि आगामी 'विकसित भारत युवा नेता संवाद' में एक नया 'राज्य संस्करण' प्रारूप शामिल होगा, जिसमें शीर्ष प्रतिभाओं की पहचान करने के लिए राज्य-स्तरीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
चयनित प्रतिभागियों को अपने-अपने राज्यों के मुख्यमंत्रियों और राज्यपालों से संवाद करने का अवसर मिलेगा और इन राज्य संस्करणों में से चुने गए 3,000 प्रतिभागियों को राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर अपने विचार सीधे प्रधानमंत्री के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए नयी दिल्ली आमंत्रित किया जाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित मेघालय के खेल और युवा मामलों के मंत्री वाइलाडमिकी ने युवाओं को 'बजट क्वेस्ट' जैसे मंचों का पूरा लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक संदेश भी पढ़कर सुनाया, जिसमें इस बात पर प्रकाश डाला गया था कि संवाद के माध्यम से विचारों के व्यापक दायरे को खोलने और एक मजबूत तथा प्रगतिशील राष्ट्र के निर्माण में युवाओं की रचनात्मकता का सदुपयोग करने में मदद मिलती है।
मंत्री श्याला ने कॉनराड संगमा सरकार की युवा विकास के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए जिसमें युवा-केंद्रित पहलों के लिए समर्पित बजटीय आवंटन भी शामिल है , ने राज्य सरकार के 'छात्र विनिमय कार्यक्रम' के बारे में भी विस्तार से बताया। यह कार्यक्रम ब्लॉक और जिला स्तर से लेकर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंचों तक कई स्तरों पर संचालित किया जाता है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष दो छात्र टीमों को विदेश भेजा जाएगा जिसमें एक टीम जून में मलेशिया और दूसरी फिलीपींस जाएगी ताकि उन्हें विविध संस्कृतियों से रूबरू होने का अवसर मिल सके।
इस कार्यक्रम में उन उत्कृष्ट युवा प्रतिभागियों को एक मंच पर एकत्रित किया गया, जिन्होंने एक कठिन और बहु-स्तरीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक उत्तीर्ण किया था।
कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 15,000 से अधिक युवाओं ने राष्ट्रव्यापी चर्चाओं में भाग लिया, और केंद्रीय बजट 2026 से संबंधित विषयों पर अपने विचार साझा किए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित