नयी दिल्ली , जुलाई 30 -- केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने आईएसएसएफ विश्व कप स्वर्ण पदक विजेता ईशा सिंह और नायब सूबेदार नीरू ढांडा को उनकी शानदार उपलब्धियों के लिए गुरुवार को सम्मानित किया।

नीरू ढांडा ने लोनाटो, इटली में आईएसएसएफ वर्ल्ड कप में इतिहास रचा और आईएसएसएफ विश्व कप में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला ट्रैप निशानेबाज बनीं। वहीं, ईशा ने हांग्जो, चीन में आईएसएसएफ विश्व कप में महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी में अपनी शानदार कामयाबी का सिलसिला जारी रखा। यह इस साल इस प्रतियोगिता में उनका दूसरा विश्व कप स्वर्ण पदक था।

आज यहां डॉ. मांडविया ने दोनों खिलाड़ियों को निशानेबाजी के क्षेत्र में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

उन्होंने कहा, "सरकार पूरी कोशिश कर रही है और यह सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है कि आप हर टूर्नामेंट में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में किसी भी तरह से पीछे न रहें। निशानेबाजी हमारे सबसे अहम खेलों में से एक है और 2028 एलएस ओलंपिक, 2030 राष्ट्रमंडल खेल वगैरह को देखते हुए यह हमारे लिए पदक दिलाने वाला एक प्रमुख खेल है। हम बस यही चाहते हैं कि आप लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक में भी पदक जीतें।"डॉ. मांडविया ने यह भी कहा कि निशानेबाजों की उपलब्धियां टॉप्स, नेशनल सेंटर्स ऑफ़ एक्सीलेंस, खेलो इंडिया और साइंटिफिक कोचिंग सपोर्ट जैसी पहलों के ज़रिए एथलीट डेवलपमेंट में भारत के लंबे समय के निवेश की सफलता को दिखाती हैं। जहां अर्जुन अवॉर्डी ईशा 'टारगेट ओलंपिक पोडियम स्की' (टॉप्स) के कोर ग्रुप का हिस्सा हैं, वहीं नीरू टॉप्स के डेवलपमेंट ग्रुप का हिस्सा हैं। दोनों 'खेलो इंडिया एथलीट्स' भी रही हैं। ये दोनों खिलाड़ी आने वाले 2026 एशियन गेम्स की तैयारी भी कर रही हैं। हरियाणा के जींद ज़िले की रहने वाली 26 साल की नीरू ने क्वालिफिकेशन राउंड में 125 में से 121 का स्कोर करके एक नया नेशनल रिकॉर्ड बनाया। इसके बाद उन्होंने एक रोमांचक फाइनल में फ्रांस की पूर्व वर्ल्ड चैंपियन कैरोल कॉर्मेनियर को हराया। मिलिट्री पुलिस कोर में नायब सूबेदार नीरू, महू में इंडियन आर्मी की मशहूर आर्मी मार्क्समैनशिप यूनिट (एएमयू) में अभ्यास करती हैं। वर्ल्ड कप में उनकी यह जीत, 2025 एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में उनके स्वर्ण पदक जीतने के बाद मिली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित