नागोया (जापान) , सितंबर 19 -- केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने शनिवार को ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (ओसीए) के महानिदेशक और वर्ल्ड एक्वाटिक्स के अध्यक्ष कैप्टन हुसैन अल-मुसल्लम से एशियाई महासंघों के साथ भारत के खेल सहयोग को बढ़ाने और देश के एक्वाटिक स्पोर्ट्स पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने को लेकर चर्चा की।
डॉ. मांडविया और अल-मुसल्लम ने भारत के राष्ट्रीय खेल महासंघों और उनके संबंधित एशियाई महासंघों के बीच बेहतर तालमेल पर चर्चा के साथ ही जमीनी स्तर पर भागीदारी बढ़ाने और एक्वाटिक खेलों में युवा प्रतिभाओं के लिए रास्ते बनाने के तरीकों पर भी विचार किया।
डॉ. मांडविया ने सोशल मीडिया पर बताया, "जापान के नागोया में 20वें एशियाई खेल आइची-नागोया 2026 के दौरान ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (ओसीए) के महानिदेशक और वर्ल्ड एक्वाटिक्स के अध्यक्ष कैप्टन हुसैन अल-मुसल्लम के साथ बैठक की। हमने भारत के राष्ट्रीय खेल महासंघों और उनके संबंधित एशियाई महासंघों के बीच सहयोग को मजबूत करने और भारत में एक्वाटिक खेलों को और विकसित करने के तरीकों पर चर्चा की। जिसमें जमीनी स्तर पर भागीदारी और युवा प्रतिभाओं को निखारने पर ध्यान दिया गया। बातचीत में भागीदारी बढ़ाने और एक्वाटिक खेलों में प्रतिभा विकास का एक मजबूत रास्ता बनाने के तरीकों पर भी चर्चा हुई।"केन्द्रीय खेल मंत्री ने कहा कि ओसीए ने विभिन्न एशियाई-स्तरीय चैंपियनशिप की मेजबानी करने की भारत की तत्परता का स्वागत किया है, जो महाद्वीप में खेल सहयोग और विकास को मजबूत करने की हमारी साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित