भिण्ड , अक्टूबर 11 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में स्वामित्व योजना के तहत रजिस्ट्री का काम शुरू करने को लेकर पटवारी संघ अपनी मांगों पर अड़ा हुआ है। भोपाल में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के साथ हुई वार्ता के बाद भी पटवारियों ने काम शुरू नहीं करने का निर्णय लिया है। संघ का कहना है कि पटवारियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई वापस लेने और स्वामित्व रजिस्ट्री के काम के लिए कानूनी संरक्षण देने संबंधी आदेश जारी होने के बाद ही काम शुरू किया जाएगा।
इस संबंध में रविवार देर शाम तहसील भिण्ड में मध्यप्रदेश पटवारी संघ के जिला अध्यक्ष विनायक सिंह तोमर की अध्यक्षता में जिला कार्यकारिणी और सभी तहसील अध्यक्षों की बैठक हुई। बैठक में भोपाल में हुई वार्ता के बिंदुओं पर चर्चा की गई। संघ ने स्पष्ट किया कि दोनों आदेश जारी होने तक पटवारी स्वामित्व रजिस्ट्री के काम से दूर रहेंगे। संगठन ने सोमवार से कामकाज नहीं करने का निर्णय भी लिया है।
बैठक में संगठन की एकजुटता बनाए रखने और प्रदेश संगठन के निर्देशों का पालन करने पर जोर दिया गया। जिला अध्यक्ष विनायक सिंह तोमर ने पटवारियों से धैर्य और अनुशासन बनाए रखने तथा आपसी समन्वय के साथ संगठन के सामूहिक निर्णय पर कायम रहने की अपील की। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश संगठन से मिलने वाले आधिकारिक निर्देशों के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित