भीलवाड़ा , जुलाई 10 -- राजस्थान सरकार की ट्रांसपोर्ट विरोधी एवं दमनकारी नीतियों के खिलाफ राजस्थान भर में चल रहे आंदोलन को निर्णायक चरण में ले जाने के उद्देश्य से शुक्रवार को भीलवाड़ा गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (बीजीटीए) की एक महत्वपूर्ण बैठक ट्रांसपोर्ट नगर स्थित यूनियन हॉल में आयोजित हुई।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि चार जुलाई को भीलवाड़ा बंद के बाद आठ जुलाई को जयपुर के शहीद स्मारक पर आयोजित विशाल धरने में राज्यभर के ट्रांसपोर्ट संगठनों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि सरकार वर्षों पुरानी न्यायोचित मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो 13 जुलाई से पूरे राजस्थान में चक्का जाम किया जाएगा।
इसी क्रम में आज सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि भीलवाड़ा ट्रांसपोर्ट नगर पूर्णतः बंद रहेगा और किसी भी प्रकार का माल परिवहन नहीं किया जाएगा। बाहर से आने वाले मालवाहक वाहनों की उतराई केवल एसोसिएशन के पदाधिकारियों की अनुमति से ही होगी।
अध्यक्ष श्री विश्वबंधु सिंह राठौड़ ने कहा कि उद्योग का दर्जा देने सहित हमारी कई न्यायोचित मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। सरकार नई नीतियों के माध्यम से आर्थिक बोझ बढ़ा रही है। सरकार ने मांगों को गंभीरता से नहीं लिया, तो 13 जुलाई से आंदोलन व्यापक स्वरूप धारण करेगा और आवश्यकता पड़ने पर अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित