बारां , अगस्त 14 -- राजस्थान में बारां जिले के अन्ता विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रमोद जैन 'भाया' ने जिला कलेक्टर को पत्र भेजकर मांगरोल तहसीलदार एवं अधीनस्थ कर्मचारियों पर आमजन को परेशान करने, निर्माण कार्य रुकवाने और कथित अवैध वसूली की शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

श्री भाया ने शुक्रवार को बताया कि मांगरोल में जनसुनवाई के दौरान क्षेत्र के लोगों ने शिकायत की कि तहसीलदार एवं संबंधित कर्मचारियों द्वारा मकान और अन्य निर्माण कार्य रुकवाये जा रहे हैं और निर्माण सामग्री एवं औजारों के संबंध में भी कार्रवाई की जा रही है। इससे आमजन में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि मांगरोल क्षेत्र की कई ऐसी बस्तियां हैं, जहां लोग 40-50 वर्षों से रह रहे हैं, लेकिन उन्हें अवैध बताकर निर्माण कार्य रुकवाये जा रहे हैं। सीसवाली में एक निर्माण स्थल से औजार उठाये जाने की शिकायत का भी उन्होंने उल्लेख करते हुए मामले की तथ्यात्मक जांच की मांग की। श्री भाया ने निर्माण कार्य रुकवाने एवं सामग्री जब्त करने की कार्रवाई की वैधानिकता और निर्धारित प्रक्रिया की जांच, पुरानी बस्तियों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने और आमजन को अनावश्यक परेशान या भयभीत करने की शिकायतों की जांच की मांग की। साथ ही कथित अवैध वसूली या अनुचित धनराशि मांगने के आरोपों की स्वतंत्र जांच करके दोषी पाये जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की।

श्री भाया ने कहा कि आमजन की शिकायतों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, तो जनता का आक्रोश सड़कों पर आ सकता है और कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हो सकती है। उन्होंने जिला प्रशासन से शीघ्र निष्पक्ष जांच करके प्रभावित लोगों को राहत देने और दोषी पाये जाने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का आग्रह किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित