सहारनपुर , दिसंबर 02 -- माँ शाकुंभरी विश्वविद्यालय में विश्वविद्यालय का चतुर्थ स्थापना दिवस मंगलवार को बड़े ही हर्षाेल्लास, उत्साह और गरिमामयी वातावरण में मनाया गया।
विश्वविद्यालय परिसर प्रातःकाल से ही मंगल ध्वनियों और स्वागत गीतों से गूंज उठा। कार्यक्रम का शुभारम्भ विधि-विधान के साथ आयोजित हवन-यज्ञ द्वारा किया गया। इस पावन यज्ञ में कुलपति प्रो. वाई विमला मुख्य यजमान के रूप में सम्मिलित रहीं। उनके साथ कुलसचिव कमल कृष्ण, परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजीव कुमार तथा उपकुलसचिव अनूप कुमार उपस्थित रहे।
शुभ मंत्रोच्चारण और वैदिक विधि के बीच सम्पन्न यह यज्ञ विश्वविद्यालय परिवार की उन्नति, समृद्धि, ज्ञान-विकास एवं सकारात्मक ऊर्जा के संचार हेतु अर्पित किया गया। हवन के पश्चात विश्वविद्यालय में आयोजित रक्तदान शिविर का उद्घाटन महापौर डॉ. अजय कुमार द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सबसे बड़ा और पवित्र माध्यम है। उन्होंने युवाओं को अधिक संख्या में रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
कुलसचिव कमल कृष्ण एवं उपकुलसचिव अनूप कुमार के साथ ही 35 लोगों ने रक्तदान किया। रक्तदान शिविर के बाद विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें महापौर डॉ. अजय कुमार एवं जिलाधिकारी मनीष बंसल ने संयुक्त रूप से पौधारोपण किया। दोनों ही सम्मानित अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण को जीवन का अनिवार्य हिस्सा बताते हुए विद्यार्थियों को हरित मिशन में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित किया।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इनोवेशन मेले का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने विभिन्न स्टार्टअप मॉडलों, नवाचार परियोजनाओं तथा विद्यार्थियों द्वारा निर्मित वैज्ञानिक प्रदर्शनों का अवलोकन किया। विद्यार्थियों की नवोन्मेषी सोच, ऊर्जा और तकनीकी कौशल की प्रशंसा करते हुए जिलाधिकारी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
दोपहर बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थापना दिवस का मुख्य आकर्षण रहा। नगर आयुक्त शिपु गिरि और मुख्य विकास अधिकारी सुमित महाजन की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन से किया गया। सुमित राजेश महाजन ने विकासशील भारत के बारे में चर्चा की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित