चम्पावत , जून 15 -- भारत-नेपाल सीमा पर स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ माँ पूर्णागिरि धाम में आयोजित माँ पूर्णागिरि मेले का सोमवार को विधिवत एवं औपचारिक समापन हो गया।

इस वर्ष मेले का शुभारंभ उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 27 फरवरी को किया था। माना जा रहा है कि पूरे मेले के दौरान लगभग 25 लाख श्रद्धालुओं ने माँ पूर्णागिरि के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

समापन समारोह में चम्पावत के जिलाधिकारी मनीष कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि माँ पूर्णागिरि के आशीर्वाद और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में इस वर्ष मेले का संचालन सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने बताया कि वर्षभर में माँ पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 50 लाख से अधिक रही है।

जिलाधिकारी ने मेले के सफल संचालन में योगदान देने वाले सभी विभागों, पुलिस, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), पूर्णागिरि मंदिर समिति तथा स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक दर्शन व्यवस्था उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रही, जिसे सभी विभागों ने आपसी समन्वय से सफल बनाया।

उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विशेष आभार जताते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में मेले के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, यातायात और सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत किया गया। साथ ही पूर्णागिरि क्षेत्र के विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर कार्य तेजी से चल रहा है।

जिलाधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में बाटनागाड़ और किरोड़ा में आधारभूत ढांचे का विकास, सड़क मार्गों का सुधारीकरण, चूका में हेलीपैड निर्माण, पूर्णागिरि रोपवे परियोजना तथा मंदिर सौंदर्यीकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य प्रगति पर हैं। इन परियोजनाओं से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भविष्य में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

समारोह के दौरान मेले के सफल संचालन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस एवं सुरक्षा बलों, पूर्णागिरि मंदिर समिति के पदाधिकारियों, जिला पंचायत कर्मियों तथा पत्रकारों को सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने उन्हें स्मृति चिन्ह और शॉल भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा ने मेले के औपचारिक समापन की घोषणा की। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए माँ पूर्णागिरि से प्रदेश की खुशहाली और निरंतर विकास की कामना की। साथ ही जिला प्रशासन, पुलिस और सभी विभागों की सराहना की।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य सरोज चंद, माँ पूर्णागिरि मंदिर समिति के अध्यक्ष किशन तिवारी, ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख एवं पूर्व मंदिर समिति अध्यक्ष भुवन चंद पाण्डेय, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, पुलिस उपाधीक्षक निहारिका सेमवाल, मेला अधिकारी एवं अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत अनिल जोशी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी विजय उप्रेती तथा टैक्सी यूनियन अध्यक्ष मदन कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

माँ पूर्णागिरि मेला-2026 आस्था, सुरक्षा, सुव्यवस्था और प्रशासनिक समन्वय का सफल उदाहरण बनकर संपन्न हुआ, जिसमें लाखों श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और विश्वास के साथ माँ के दरबार में माथा टेका।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित