भिण्ड , अगस्त 01 -- मध्य प्रदेश के भिण्ड में विश्व स्तनपान सप्ताह के तहत शनिवार से शुरू हुए जागरूकता अभियान का शुभारंभ जिला अस्पताल से किया गया। कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने प्रसूताओं और धात्री माताओं से संवाद कर नवजात शिशुओं को जन्म के तुरंत बाद मां का पहला दूध पिलाने की अपील की और कहा माँ का पहला दूध बच्चे के लिए अमृत के समान होता है जो उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कलेक्टर मीणा ने कहा कि समाज में अभी भी कुछ जगहों पर यह भ्रांति है कि बच्चे को जन्म के बाद मां का पहला दूध नहीं पिलाना चाहिए जबकि यह दूध सबसे ज्यादा पौष्टिक होता है। इससे नवजात को संक्रमण से बचाव मिलता है और बच्चे के शारीरिक एवं मानसिक विकास में मदद मिलती है। उन्होंने माताओं से अपील की कि वे ऐसी गलत धारणाओं से दूर रहें और नवजात को नियमित रूप से स्तनपान कराएं।
अभियान के दौरान कलेक्टर ने जिला अस्पताल के प्रसूता वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने धात्री माताओं से अस्पताल में मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही अस्पताल स्टाफ को साफ-सफाई और मरीजों की देखभाल में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित