महोबा , जुलाई 02 -- उत्तर प्रदेश मे महोबा जिले की चरखारी सीट से भाजपा विधायक ब्रजभूषण राजपूत बुधवार रात एक सड़क हादसे मे बाल - बाल बच गए. हालांकि तेज रफ्तार ट्रक से उनके काफ़िले की पुलिस स्कार्ट कार टकराने से दो पुलिस कर्मियों समेत तीन लोग घायल हुए है। पुलिस उप अधीक्षक दीपक दुबे ने बताया कि हादसा मध्य रात्रि के करीब खरेला कस्बे के पास उस समय हुआ जब विधायक ब्रजभूषण हमीरपुर जिले के मुस्करा क्षेत्र मे अपने एक नजदीकी के यहां आयोजित मांगलिक कार्यक्रम मे शिरकत करके घर वापस लौट रहे थे कि रास्ते में तेज रफ्तार ट्रक से बचने के लिये चालक ने कार सड़क से उतार कर खेत में डाल दी. जिससे वह तो हादसे का शिकार होने से बच गए लेकिन पीछे चल रही उनकी सुरक्षा मे लगी पुलिस स्कार्ट की गाड़ी ट्रक से टकरा गयी.जिससे उसमे सवार गनर श्याम सिंह, निजी गार्ड किसन पाल और वाहन का चालक जितेंद्र घायल हुए। जिनका चरखारी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मे इलाज कराया गया।

उन्होने बताया कि दुर्घटना मे घायल हुए लोगो को छिटपुट चोटे होने के कारण तत्काल ही अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया. ग्रामीणों की मदद से सम्बन्धित ट्रक के चालक को रात मे ही गिरफ्तार कर लिया गया। हादसे को विधायक ब्रजभूषण राजपूत ने संदिग्ध बताते हुए इसे अपनी हत्या की नाकाम कोशिश करार दिया है और जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि कतिपय लोगो द्वारा उनकी हत्या किये जाने की आशंका वह दो माह पूर्व व्यक्त कर चुके है। इस सम्बन्ध मे उनके द्वारा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और पुलिस महानिदेशक को पत्र भी दिया जा चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित