महोबा , फरवरी 26 -- उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार पिकअप वाहन से कुचलकर तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों में एक की हालत नाजुक होने पर उसे उपचार के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि मुख्यालय के छतरपुर रोड स्थित एक निजी गेस्ट हाउस में आयोजित शादी समारोह में भोजन बनाने गई मजदूर महिलाओं का दल देर रात काम खत्म कर घर लौट रहा था। तभी तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर उन्हें कुचलता हुआ निकल गया। घटना से मौके पर अफरा-तफरी और कोहराम मच गया। शोर सुनकर आसपास के मकानों से लोग बाहर निकल आए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया।

दुर्घटना में 50 वर्षीय भागवती, 35 वर्षीय गीता देवी और 40 वर्षीय श्याम रानी की मौत हो गई। तीनों भटीपुरा क्षेत्र की निवासी थीं। श्याम रानी की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि गीता देवी और भागवती ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घायल महिलाओं तुलसा और राजकुमारी की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने उन्हें उच्च केंद्र के लिए रेफर कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित