महोबा , अप्रैल 11 -- उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को तेज रफ्तार ट्रक और मोटरसाइकिल की टक्कर में एक युवक की मृत्यु हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उपाधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर काली पहाड़ी के पास यह दुर्घटना उस समय हुई, जब मोटरसाइकिल सवार विनोद (19) और पंकज चौधरी (20) सामान खरीदने के लिए निकटवर्ती कबरई कस्बे जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।
उन्होंने बताया कि ट्रक की चपेट में आने से विनोद की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि पंकज चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
दोनों युवक झारखंड के निवासी बताए गए हैं और यहां डहर्रा स्थित ग्रेनाइट खदानों में एलएनटी मशीन चलाने का कार्य करते थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित