महोबा , अक्टूबर 19 -- उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को एक 24 वर्षीय विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में पंखे से लटका मिला।

मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या की आशंका जताई है, जबकि ससुराल पक्ष ने आत्महत्या किए जाने की बात कही है।

पुलिस उपाधीक्षक अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि गोविन्द नगर में हुई घटना में मृतका की पहचान दीपाली यादव के रूप में हुई है। उसकी शादी दिसंबर 2024 में राहुल यादव से हुई थी। मृतका के पिता राजू यादव, निवासी नारोंन गांव, का आरोप है कि उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार शादी में दान-दहेज के साथ पांच लाख रुपये नकद दिए थे। इसके बावजूद शादी के दो-तीन महीने बाद से ही पति राहुल, सास, ससुर और ननद कार तथा अतिरिक्त नकदी की मांग को लेकर दीपाली को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे थे।

पिता के मुताबिक, 17 अक्टूबर को दीपाली ने फोन कर रोते हुए बताया था कि कार नहीं देने पर ससुराल वाले उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। आरोप है कि इसके बाद उसका फोन छीन लिया गया। पिता ने आशंका जताई कि 18 अक्टूबर को उनकी बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मायके पक्ष को सूचना दिए बिना शव सीधे अस्पताल ले जाया गया।

वहीं, ससुराल पक्ष ने मायके वालों के आरोपों को गलत बताते हुए दीपाली के आत्महत्या करने की बात कही है। दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के चलते विवाहिता की मौत का मामला संदिग्ध बना हुआ है।

कुलपहाड़ कोतवाली प्रभारी अवधेश मिश्रा ने बताया कि पुलिस को विवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली थी। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित