महोबा , मार्च 17 -- महोबा जिले के श्रीनगर क्षेत्र में मंगलवार को शराब के नशे में धुत एक युवक ने अपनी पत्नी की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी और घटना के बाद फरार हो गया।
पुलिस उपाधीक्षक दीपक दुबे ने बताया कि भंडरा गांव निवासी राम सिंह राजपूत शराब का आदी था और इसी बात को लेकर उसका अपनी पत्नी पवन कुमारी (36) से अक्सर विवाद होता रहता था। बताया गया कि मंगलवार सुबह राम सिंह खेत जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन दोपहर में शराब के नशे में वापस लौटा और पत्नी से उसका विवाद हो गया। दोनों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि राम सिंह ने लाठी से पत्नी पर ताबड़तोड़ प्रहार करना शुरू कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर आरोपी राम सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए गये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित