महोबा , जुलाई 14 -- उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के चरखारी क्षेत्र में मंगलवार को शराब के नशे में धुत एक युवक ने पत्थर से हमला कर एक महिला की हत्या कर दी। पुलिस उपाधीक्षक दीपक दुबे ने बताया कि चरखारी कोतवाली क्षेत्र के मड़वासन मोहल्ले में राकेश नामक युवक ने शराब के नशे में दलित महिला गिरजादेवी (55) के सिर पर पत्थर से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरखारी, फिर जिला चिकित्सालय महोबा और बाद में झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां से चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए ग्वालियर भेजा, लेकिन रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य संकलित किए। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतका के पुत्र जितेंद्र कुमार की तहरीर पर मोहल्ला निवासी राकेश पुत्र रामदयाल के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है।

परिजनों का आरोप है कि आरोपी शराब का आदी है और अक्सर नशे की हालत में मोहल्ले में उत्पात मचाता रहता था। उन्होंने दावा किया कि इससे पहले भी वह कई लोगों के साथ मारपीट कर चुका है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित