महोबा , अक्टूबर 19 -- उत्तर प्रदेश मे महोबा जिले के कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र मे सोमवार को एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में पंखे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस उप अधीक्षक अनिरुद्ध कुमार ने बताया क़ी गोविन्द नगर क़ी घटना मे मृतका की पहचान दीपाली यादव (24) के रूप में हुई है। उसकी शादी दिसंबर 2024 में राहुल यादव के साथ हुई थी। मृतका के पिता राजू यादव, निवासी नारोंन गांव, का आरोप है कि उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार शादी में दान-दहेज और पांच लाख रुपये नकद दिए थे। इसके बावजूद शादी के दो-तीन महीने बाद से ही पति राहुल, सास, ससुर और ननद कार व अतिरिक्त नकदी की मांग को लेकर दीपाली को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे थे।

मृतका के पिता का आरोप है कि 17 अक्टूबर को दीपाली ने फोन कर रोते हुए बताया था कि ससुराल वाले कार न देने पर उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। आरोप है कि इसके बाद उसका फोन छीन लिया गया। पिता ने आशंका जताई कि 18 अक्टूबर को उनकी बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मायके पक्ष को सूचना दिए बिना शव को सीधे अस्पताल ले जाया गया। मामले मे ससुराल पक्ष ने मृतका के मायके वालों के आरोपों को गलत बताते हुए दीपाली द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात कही है। दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के चलते विवाहिता की मौत का मामला संदिग्ध बना हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित