महोबा , अगस्त 21 -- खजुराहो से वाराणसी जा रही वन्दे भारत एक्सप्रेस शुक्रवार शाम महोबा के निकट एक सांड से टकरा गयी। हादसे मे सांड की मोके पर ही मौत हो गयी तो ट्रेन के इंजन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। लगभग दस मिनट के अवरोध के उपरान्त ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया गया। हादसे में सभी यात्री सुरक्षित बताये गए है। राजकीय रेलवे पुलिस के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 26505 वंदे भारत एक्सप्रेस खजुराहो से वाराणसी की ओर जा रही थी। यह ट्रेन जैसे ही महोबा जीआरपी क्षेत्र के किड़ारी रेलवे फाटक के पास पोल संख्या 1272/19 के करीब पहुंची, तभी एक सांड अचानक रेलवे ट्रैक पर आ गया। लोको पायलट ने ट्रेन रोकने की भरपूर कोशिश की लेकिन इसके बावजूद ट्रेन सांड से टकरा गई।

रेलवे पुलिस के मुताबिक टक्कर के बाद ट्रेन के अगले हिस्से को नुकसान पहुंचा और ट्रेन को करीब 4 बजकर 26 मिनट पर रोक दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही महोबा जीआरपी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।जांच और आवश्यक कार्रवाई के बाद करीब 4 बजकर 35 मिनट पर वंदे भारत एक्सप्रेस को प्रयागराज की ओर रवाना कर दिया गया। हादसे के दौरान ट्रेन में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे। फिलहाल हादसे को लेकर रेलवे और जीआरपी की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी है। वहीं, सांड के रेलवे ट्रैक पर आने से हुए इस हादसे ने एक बार फिर रेल पटरियों के आसपास पशुओं की आवाजाही को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित