महोबा , अगस्त 23 -- उत्तर प्रदेश के महोबा में राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों में अंतरिक्ष विज्ञान, वैज्ञानिक सोच, तकनीकी समझ एवं नवाचार की भावना विकसित करने के उद्देश्य से रविवार को विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम में दिल्ली से आयी स्पेस इण्डिया की विशेषज्ञ टीम द्वारा विद्यार्थियों के लिए विभिन्न ज्ञानवर्धक एवं प्रयोगात्मक कार्यशालाओं का आयोजन किया गया।

मुख्यालय के राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में कार्यक्रम की प्रमुख गतिविधियों में राकेट साइंस वर्कशाप विशेष आकर्षण का केंद्र रही। कार्यशाला में छात्र-छात्राओं को रॉकेट के सिद्धांत एवं प्रक्षेपण की प्रक्रिया को गतिविधि आधारित तरीके से समझाया गया। विद्यार्थियों ने स्वयं पेपर रॉकेट एवं गैस रॉकेट तैयार किए तथा उनका सफल तरीके लॉन्च भी किया। इसके साथ ही छात्र-छात्राओं ने हाइड्रो रॉकेट तैयार कर उसका भी सफल प्रक्षेपण किया।

इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने रॉकेट के पीछे कार्य करने वाले वैज्ञानिक सिद्धांतों को प्रयोग एवं प्रत्यक्ष अनुभव के माध्यम से समझा।

जिला विद्यालय निरीक्षक प्रेम चंद्र यादव ने बताया की जिले के ग्रामीण क्षेत्रों मे स्थित प्राथमिक विद्यालयों मे इसके साथ ही वीआर तकनीक के माध्यम से विद्यार्थियों को अंतरिक्ष स्टेशन एवं अंतरिक्ष की वर्चुअल भ्रमण कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान अखिल भारतीय क्षुद्रग्रह खोज अभियान (एआईएएससी) में सक्रिय रूप से प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अंतरिक्ष एवं खगोलीय पिंडों के अध्ययन के क्षेत्र में रुचि प्रदर्शित करने वाले प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को जिलाधिकारी श्रीमती गजल भारद्वाज द्वारा प्रतिभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

जिलाधिकारी श्रीमती गजल भारद्वाज ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि एआईएएससी जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को वास्तविक वैज्ञानिक अनुसंधान की प्रक्रिया से परिचित कराने तथा उनमें खगोल विज्ञान , अंतरिक्ष विज्ञान और वैज्ञानिक अनुसंधान के प्रति रुचि विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इस प्रकार की वैज्ञानिक एवं नवाचार आधारित गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित