महोबा , जुलाई 15 -- उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में सदर कोतवाली क्षेत्र के सुभाष नगर में मंगलवार देर रात एक युवक पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर उसके दोनों हाथ और एक पैर काट दिए गए।
गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। पीड़ित के परिजनों ने एक स्थानीय भाजपा नेता समेत कई लोगों पर हमले का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस उपाधीक्षक ए.के. सिंह ने बुधवार को बताया कि सिंह वाहिनी नगर निवासी जयवेन्द्र सिंह (21) मंगलवार रात बाइक से चंदेल पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने जा रहा था। पेट्रोल पंप से पहले घात लगाए बैठे आधा दर्जन हमलावरों ने उस पर कुल्हाड़ी और अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
उन्होंने बताया कि हमलावरों ने बीच सड़क पर युवक के दोनों हाथ और एक पैर काट दिए तथा शरीर पर कई वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर फरार हो गए। घटना के दौरान कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। राहगीरों की सूचना पर पुलिस की पीआरवी टीम मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया।
डीएसपी ने बताया कि युवक की हालत अत्यंत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे तत्काल हायर सेंटर रेफर कर दिया। जिला अस्पताल के चिकित्साधिकारी डॉ. शिशुपाल ने बताया कि कटे हुए अंगों को भी सुरक्षित रूप से घायल के साथ मेडिकल कॉलेज भेजा गया है, ताकि चिकित्सकीय उपचार की संभावनाओं का परीक्षण किया जा सके।
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। घायल युवक के पिता राजा बाबू सिंह ने पुलिस को दिए बयान में स्थानीय भाजपा नेता शिव प्रताप सिंह परमार और उसके साथियों पर हमले का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस ने कहा कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित