महोबा , अप्रेल 27 -- उत्तर प्रदेश के महोबा मे एक युवती द्वारा भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष पर अवैध संबंध बनाने का दबाव डालने का आरोप लगाने से सियासत गर्मा गई है। पुलिस ने प्रकरण की शिकायत मिलने पर जांच पड़ताल शुरू की है। अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि मुख्यालय के सुभाष नगर क्षेत्र की युवती ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंप भाजपा जिलाध्यक्ष मोहन लाल कुशवाहा पर आरोप लगाया है कि उससे यह नाजायज डिमांड पार्टी संगठन मे जिला उपाध्यक्ष का पद दिए जाने के बदले की गयी। वह पूर्व मे जिले की भाजपा मे मंत्री पद पर काम करती रही है। युवती के मुताबिक पिछले दिनों संगठन के विस्तार के दौरान उसका अपनी पदोन्नति को लेकर जिलाध्यक्ष से विवाद हुआ था. तब उसे न्याय न देकर संगठन से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि युवती ने अपनी शिकायत मे भाजपा के जिला उपाध्यक्ष जयपाल सिंह ओर पंकज तिवारी पर भी प्रताड़ना के आरोप लगाए है। उसके मुताबिक उक्त दोनों ने संगठन मे उच्च पद हासिल करने के लिए जिलाध्यक्ष की ख्वाहिस पूरे करने को उससे कहा और सोशल मीडिया मे आपत्तिजनक टिप्पणी करके अपमानित किया। दोनों जिम्मेवार पदाधिकारी उसे देर रात मे फोन करके दबाव ड़ालते थे। युवती का कहना है कि इस पूरे प्रकरण मे रविवार को फेसबुक पर लाइव आकर जिलाध्यक्ष की डर्टी डिमांड का पर्दाफाश किया तो आरोपियों द्वारा उसके पति को फर्जी मुकदमे मे जेल भिजवा देने की धमकी दी गयी. पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उसकी जांच के निर्देश दिए है।
उधर महोबा भाजपा के जिलाध्यक्ष मोहन लाल कुशवाहा ने युवती द्वारा लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें अनर्गल बताया है. उन्होंने कहा की संगठन विरोधी कार्यो के चलते पार्टी नेतृव द्वारा अनुशासनात्मक कार्यवाही करके युवती को बाहर का रास्ता दिखा देने से उसकी मानसिक स्थिति बिगड गयी है.इसके चलते वह चरित्र हरण जैसे गंभीर आरोप लगाने का घृणित कार्य कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित